Thursday, 10 December 2015

The Price I Paid!

सुना है, बहुत फ़क़र्* से करती हो ज़िक्र मेरा
जो कभी तुम थी मेरे लिए,
सुना है, मैं अब वो बन गया हूँ तुम्हारा

खतों के पुर्ज़ों को वापस जोड़ दिया है तुमने
सुना है, मेरी नज़्मों में अब खुद को ढूँढा करती हो.
जिस झील पर घंटो किया था बेसबब इंतज़ार मैंने
सुना है, वहां अक्सर अब तनहा बैठी रहती हो.
जो वफ़ा न कर सकी, वो वक़्त-ए-उरूज* करता है
सुना है, तुम्हारी उँगलियों पर मेरे नाम का हीरा चमकता है.

कौन कहता है मुहब्बत ख़रीदी नहीं जा सकती?

*फ़क़र् - pride
*वक़्त-ए-उरूज - rising /peak time

Now is not the time!

हमें मिलना है किसी और मोड़ पर, जानां
तुम्हे माज़ी के कई वरक़* जलाने हैं अभी
मुझे हथेली की कुछ लकीरें मिटानी हैं.
किसी के अश्क़ों का हिसाब भी देना है
तुम पर एक मुस्कराहट का क़र्ज़ बाक़ी है.
मेरे लिए ज़रूरी है मैं भीड़ का हिस्सा बन पाऊँ
तुम्हे तन्हाई की भी आदत होनी चाहिए.

हमें मिलना है किसी और मोड़ पर, जानां

जरूरी है कि तुम महरूमी* ज़रा समझो
मेरे ख्वाब ज़रा चटक* जाएं, तो बेहतर.
तुम्हे कुछ थकन सी हो मुझसे
मेरे सीने में भी वहम* आने चाहिए.
फ़क़त* ख़्वाहिश की बुनियाद* कमज़ोर होती है
तुम्हे मेरी ज़रूरत होनी चाहिए.

हमें मिलना है किसी और मोड़ पर, जानां
अना* थक कर हार जाएगी रस्ते में कहीं
जब चेहरों से चेहरे उतर जाएंगे.
ज़रा बिखरी हुई तुम, बहुत टूटा हुआ मैं
जब मुहब्बतों के मायने बदल जाएंगे.
हमें मिलना है उस मोड़ पर, जानां!

*वरक़ - pages
*महरूमी - deprivation
*चटक - crack
*वहम - suspicion
*फ़क़त - only
*बुनियाद - foundation
*अना - ego

Ghazal

तुझे जुस्तजू है सराब* की, मैं हक़ीक़तों से जुड़ा हुआ
मैंने रास्ते जब भुला दिए, तेरा सफ़र वहां से शुरू हुआ

हमक़दम तू था ज़रूर, बस वास्ता कुछ अलग सा,
तुझे मंज़िलों का शौक़ है, मैं कारवाँ से बंधा हुआ

एक लम्हे में कब ली दोनों ने साथ सांसें,
तुम्हे मुस्तक़बिल* की फ़िक्र बहुत, मैं माज़ी* से नहीं जुदा हुआ

मैं जहाँ था, तू वहां है अब, ये क्या मोड़ है ज़िन्दगी?
तेरी रफ़ाक़तों* का आग़ाज़* है, मैं मुहब्बतों से थका हुआ!


*सराब - mirage
*मुस्तक़बिल - future
*माज़ी - past
*रफ़ाक़त - friendship /companionship
*आग़ाज़ - beginning

The Tragedy of Love

तुम्हारी मुहब्बत महदूद* है अभी
रंग, ख़्वाब, गुलाबी शाम तक,
मेरी शायरी में तुम्हारे नाम तक
तुम्हारी रफ़ाक़तें* पाबंद* हैं
जाड़े की धूप, पहली बारिश की
इश्क़ में मिले हर आराइश* की
और
मेरी मुहब्बत का अल्मिया* है
कि इस पर हक़ीक़त की बंदिशें हैं

सुनो,
ज़रा खुद ही सोचो,
तुम्हारी ये नाज़ुक सी मोहब्बत
कब साथ दे पाएगी?
अस्पताल के अँधेरे कमरे में,
जहाँ रोग जान को लगने लगे.
ज़िन्दगी जिस्म पे तंग हो जाए,
जब मेरी सांसें कम पड़ने लगें.
और जून की जलती दुपहर में,
नंगे पांव पे छाले बनने लगे.
घर की दीवारों से रंग उतर जाए,
और ख्वाबों से पेट न भरने लगे.
जब छोटे से घरोंदे को,
सैलाब* का रेला बहा ले जाए.
जब रिश्ते वफ़ा से मुकर जाएं,
इश्क़ आज़माइश* पर उतर आए.
तुम्हारी ये नाज़ुक सी मोहब्बत...
कहाँ साथ दे पाएगी?

इसलिए बेहतर है जानां
कि रास्ते जुदा ही रहें
तुम्हारे ख़्वाब हैं कांच के
मेरा सफर बहुत पथरीला है 

*महदूद - restricted
*रफ़ाक़तें - friendship
*पाबंद - bound to
*आराइश - adornment
*अल्मिया - tragedy
*सैलाब - flood
*आज़माइश - to bring to test

Sunday, 31 August 2014

"Sometimes words are not enough" - Lemony Snicket


बहुत चाहा कोई नज़्म तुम्हारे नाम कर दूँ,
तुम्हारे नाम के आगे लेकिन बढ़ नहीं पाया.
कभी सोचा तुम्हारे साथ अफ़क़* तक चला जाऊं,
तुम्हारे साथ से बेहतर कोई मुक़ाम* क्या होगा?
तुम्हे शिकायत रहती है, मैं बातें नहीं करता,
तुम्हारी आवाज़ में, जानां,  मेरे लफ्ज़ खो से जाते हैं.
ख्वाहिश है कि दुआओं में माँगा करूँ तुम्हे ,
मगर किससे? सजदे तो सारे तेरे नाम के पढ़े हैं

तुम्हारी इज़हार*-ए-मुहब्बत की ख़्वाहिश ने 'शाम'
मुझे बहुत उलझन में डाल रखा है

*अफक - zenith
*मुक़ाम - place
*इज़हार - declaration

Saturday, 30 August 2014

"Honor the space between 'no longer' and 'not yet'" - Nancy Lewis

यही मुनासिब* है
कि बदग़ुमानियां* क़ायम रहें

अभी मैं इतना बेहिस नहीं हुआ
कि दामन बचा कर गुज़र जाऊं तेरी गली से
अभी तू इतना संगदिल नहीं हुआ
कि मुस्कुरा कर नज़रें मिला सके मुझसे
अभी चाँद रातें अज़ाब नहीं हुईं 
अभी दिल में तेरे मुहब्बत का भरम बाक़ी है

कुछ अश्क़ बाक़ी हैं पलकों पर मेरे 
तेरी भीगी रातों का हिसाब चुकाना है अभी
मेरे नाम पर आज भी चौंक पड़ता है तू 
इस रिश्ते का कुछ बोझ उतारना बाक़ी है
अभी तन्हाई का आदी नहीं हुआ मैं
अभी वफ़ा पर एतमाद बाक़ी है 

पुरानी किताबों में सूखे फूल अब भी मिलते हैं
तूने डायरी के सारे पन्ने जलाये नहीं हैं अभी
कुछ दिन और ये दूरियां क़ायम रहें 
यही मुनासिब है कि बदग़ुमानियां क़ायम रहें
मेरे दिल से पूरी तरह उतरा नहीं है तू
तूने मुझे नज़रों से गिराया नहीं है अभी 

दोनों को जल्दी है रास्ता बदलने की
ज़रा आहिस्ता, मोड़ आया नहीं है अभी
यही मुनासिब है.

*मुनासिब - appropriate 
*बदग़ुमानियां - misunderstandings

Sunday, 17 August 2014

मैंने सोचा, तुम मसरूफ बहुत हो
तुमने समझा, मैं मग़रूर बहुत हूँ
देखो, तो एक ही घर में थे दोनों
पूछो, तो मुद्दत हो गयी मुलाक़ात हुए.