Thursday, 10 December 2015

I Apologize!

दाग़ मेरे दामन पर लगा है,
उंगलियां मेरे किरदार पर उठी हैं,
सवाल मेरे वजूद पर है.

माँ की चेहरे पर अजब शर्मिंदगी बसती है,
बहन की ख़ौफ़ज़दा आँखों में नमी सी रहती है,
अब्बा के बूढ़े कंधे कुछ और झुक गए हैं.
आइना देखने की हिम्मत नहीं होती अब,
मेरी दुआओं में असर नहीं रहा कोई,
मेरा ख़ुदा शायद नाराज़ है मुझसे.

मगर,
तुम क्यूँ रोती हो?
तुम पाक-दामन अक्स हो ख़ुदा का.
तुम्हारे हर अश्क़ का जवाब मुझ को देना है.
ये मुंह छिपाना किस लिए?
शर्मसार तो मैं हूँ.
तुम पर हुए हर ज़ुल्म का हिसाब मुझ से होना है

तुम क्यूँ रोती हो?
गुनहगार तो मैं हूँ
मर्द तो मैं हूँ!

Life in a Metro

वो ज़माना और था जब सांस आती थी तस्वीर देख कर,
अब तो रोज़ मिलते हैं और दिल धड़कता भी नहीं.

मुलाक़ात के जो लम्हे पंख लगा कर उड़ते थे,
वही वक़्त फ़ोन पर अब सरकता भी नहीं.

कभी न भूल पाने की जो ज़िद लगाये बैठा था,
वो शख़्स अब पलट कर देखता भी नहीं.

गर्मी की छत, सर्दियों के आँगन, सब मुफलिसी* की बातें,
शीशे के मेरे घर में अब मौसम बदलता भी नहीं.

किसी मोड़ पर रुक कर तेरा इंतज़ार कर तो लूँ,
किस तरह? यह शहर मेरे लिए रुकता भी नहीं.

ये मुंबई है, यहाँ मुहब्ब्बतों के अंदाज़ जुदा हैं
मुझे बना कर अपना, मेरा बनता भी नहीं

*मुफलिसी - ग़रीबी

Mother

सीने में दिल नहीं होता, साँसों में जान नहीं होती;
कुछ और हो तो हो, माँ इंसान नहीं होती!

रोज़ शाम को दरवाज़े की घंटी जब कोई बजाता है;
ऑफिस से थका-हारा उसका दिल भी लौट आता है.
फ़ोन पर आवाज़ सुन कर, सांस लेना ज़रा होता है आसान;
आजकल हज़ारों मील दूर किसी शहर में रहती है जान.
सोती नहीं है वो भी तुम्हारे इम्तिहानों पर;
तुम जब झपकियाँ लेते हो, सर रख कर किताबों पर.
दर्द बहुत होता है, अश्क भी बहते हैं;
चोट के निशां मगर किसी और जिस्म पर रहते हैं.
दुआओं में हाथ उठते हैं, सजदों में कमी होती नहीं;
खुद के लिए माँगा कब है कुछ, वो अपने लिए रोती नहीं.

माँ की ज़ात नहीं होती, माँ का नाम नहीं होता;
ख़ुदा ही होगी वो, इंसान का गुमान नहीं होता.

That Day After Days

मोबाइल में जितने नंबर थे,
सब से दोस्ती निभा ली.
अँधेरे एक कमरे में, लैपटॉप की स्क्रीन से,
अनदेखे चेहरों की खुशियों में शिरकत* भी हो गयी .
भूले बिसरे रिश्तों को,
वक़्त न मिलने के रस्मी* बहाने सुना दिए.
ऑफिस के ग़ैर-ज़रूरी से काम,
कल पर डाल दिए सारे.

अब और टाला नहीं जाता...
बहुत दिनों से कुछ बोलने की कोशिश में है,

चलो आज ज़मीर* की सुन ही लेते हैं.

*शिरकत - participate/join
*रस्मी - customary
*ज़मीर - conscience

Diary of a Stranger



(1)
किसी बुरे ख़्वाब का हिस्सा रहा हो जैसे
ना जाने क्यूँ देखा-देखा लगता है
उस शख्स से अजीब वहशत होती है
वो, जो आईने में रहता है

********************************************

(2)
तुम ख़ामोशी से उठ कर चले गए
मेरे पहलू में तुम्हारी ख़ामोशी बैठी है अब भी

********************************************

(3)
वो कौन हैं जो मर जाते हैं मुहब्बत में
मैं तो जीना सीख रहा हूँ तुम्हारे जाने के बाद

********************************************

(4)
फ़रिश्तों को मार डाला एक जन्नत के वास्ते
मज़हब ने बदल दिए हैं मज़हब के मायने

********************************************

(5)
उसने ख़ुदकुशी कर ली कल रात
वो जो आईने में रहता था
बिना रूह के जिस्म ज़िंदा नहीं रहते

The Price I Paid!

सुना है, बहुत फ़क़र्* से करती हो ज़िक्र मेरा
जो कभी तुम थी मेरे लिए,
सुना है, मैं अब वो बन गया हूँ तुम्हारा

खतों के पुर्ज़ों को वापस जोड़ दिया है तुमने
सुना है, मेरी नज़्मों में अब खुद को ढूँढा करती हो.
जिस झील पर घंटो किया था बेसबब इंतज़ार मैंने
सुना है, वहां अक्सर अब तनहा बैठी रहती हो.
जो वफ़ा न कर सकी, वो वक़्त-ए-उरूज* करता है
सुना है, तुम्हारी उँगलियों पर मेरे नाम का हीरा चमकता है.

कौन कहता है मुहब्बत ख़रीदी नहीं जा सकती?

*फ़क़र् - pride
*वक़्त-ए-उरूज - rising /peak time

Now is not the time!

हमें मिलना है किसी और मोड़ पर, जानां
तुम्हे माज़ी के कई वरक़* जलाने हैं अभी
मुझे हथेली की कुछ लकीरें मिटानी हैं.
किसी के अश्क़ों का हिसाब भी देना है
तुम पर एक मुस्कराहट का क़र्ज़ बाक़ी है.
मेरे लिए ज़रूरी है मैं भीड़ का हिस्सा बन पाऊँ
तुम्हे तन्हाई की भी आदत होनी चाहिए.

हमें मिलना है किसी और मोड़ पर, जानां

जरूरी है कि तुम महरूमी* ज़रा समझो
मेरे ख्वाब ज़रा चटक* जाएं, तो बेहतर.
तुम्हे कुछ थकन सी हो मुझसे
मेरे सीने में भी वहम* आने चाहिए.
फ़क़त* ख़्वाहिश की बुनियाद* कमज़ोर होती है
तुम्हे मेरी ज़रूरत होनी चाहिए.

हमें मिलना है किसी और मोड़ पर, जानां
अना* थक कर हार जाएगी रस्ते में कहीं
जब चेहरों से चेहरे उतर जाएंगे.
ज़रा बिखरी हुई तुम, बहुत टूटा हुआ मैं
जब मुहब्बतों के मायने बदल जाएंगे.
हमें मिलना है उस मोड़ पर, जानां!

*वरक़ - pages
*महरूमी - deprivation
*चटक - crack
*वहम - suspicion
*फ़क़त - only
*बुनियाद - foundation
*अना - ego