Saturday, 12 March 2016

First Love is often overrated

सुनो
पहली मुहब्बत अक्सर ओवर-रेटेड होती है
कुछ रस्म दुनिया की ऐसी है
कुछ फिल्मों ने भी आदत बिगाड़ी है
वरना
तुम ही सोचो

फुर्सत किसे घंटो फ़ोन पर बातें करने की
रातों को जागने की अब उम्र भी तो नहीं रही
तुम्हारे नख़रे उठाने का दिल तो बहुत चाहता है
मगर कौन अब साहिल पर घरौंदे बनाता है
चाँद से बातें करूँ कैसे, बड़ा बुनियादी सा मसला है
मेरी खिड़की से सिर्फ पडोसी का बल्ब नज़र आता है
बारिशों में साथ भीगना, कैसी ये हिमाक़त है
मैं अक्सर छींकता रहता हूँ, मेरे बॉस को शिकायत है

इसलिए बेहतर है जानां
तुम आख़िरी मुहब्बत का इंतज़ार करो
जब हक़ीक़त अफसानों से ज़्यादा पसंद आए
और तुम्हारे ख्वाबों पर ज़रा सी उम्र आ जाए
जब ज़िन्दगी जीने के लिए किसी और की ज़रूरत न रहे
और मुहब्बत का सबब सिर्फ मुहब्बत न रहे

क्यूँकि पहली मुहब्बत अक्सर ओवर-रेटेड होती है!

Thursday, 10 December 2015

Freedom - An Illusion

मैं आज़ाद हूँ.
गुनाहों से, अज़ाबों से, अंधेरों से.
मेरी गली की बिजली नहीं जाती, मेरी सड़क पर जुर्म नहीं होते,
मैं मुत्मईं हूँ, महफूज़ हूँ, मसरूफ हूँ,
मैं आज़ाद हूँ.

जो रात घर न लौट सकी, वो मेरी बेटी नहीं थी,
धर्म के नाम पर जो घर फूँक दिए, वो मेरा घर नहीं था,
सड़कों पर भूखे, नंगे, भीख मांगते बच्चे मेरे नहीं हैं,
वो जो जल कर मर गयी, वो मेरी पत्नी नहीं थी,
मेरे माँ-बाप दर-ब-दर ठोकरें नहीं खाते,
जिसकी इज़्ज़त बेबस सी सिसक रही थी दरवाज़े पर, वो मेरी बहन नहीं थी,
सरहद पर कल जो शहीद हो गया, वो मैं नहीं हूँ.

मेरी चार-दीवारी के आगे की दुनिया से,
मुल्क, इंसानियत, मुस्तक़बिल से,
सब बेवजह की फ़िक्रों से,
मैं आज़ाद हूँ.

The Idea of an Ideal Love

तेरे चेहरे पर देखना है गुज़रे हुए साल,
तजुर्बे* का रंग बालों में उतरते देखना है.
कांपते हाथों का सहारा देना है तुझे,
उम्र को आँखों में उभरते देखना है.
हमारे साथ के ग़म भी मुझे अज़ीज़* हैं यूँ,
बचकाना* बातों पर खुद को झगड़ते देखना है.
तेरे अश्कों को चुनना है लबों से अपने,
दामन में तेरे, खुद को बिखरते देखना है.

मुहबत की हसीं सहर* ठहरती कहाँ हैं?
मुझे वफ़ा की ज़ईफ़* शामें देखनी हैं.
ज़िन्दगी के आखिरी पड़ाव* पर, जानां,
अपने पहलू* में तुझे देखना है.

*तजुर्बे - experience
*अज़ीज़ - dear to me
*बचकाना - silly
*हसीं सहर - beautiful dawn
*ज़ईफ़ - old / mature /aged
*आखिरी पड़ाव - last stage
*पहलू - by my side

The Lost Identity

होंटों पर दुआ नहीं रहती, रंग रहते हैं,
ज़ुबां पर मुनाफ़िक़त* का ज़ायका*.
आँखें हैं कि ख़ाली वीरान हवेलियां;
बरसों से कोई आया नहीं हो जैसे.
सिगरेट की बू बस गयी है वजूद में;
धुआं जाने क्यों छंटता ही नहीं.
हथेली की लकीरें सूख कर गिरने लगी हैं,
वक़्त के पहले मौत आ रही है इन्हे.
सांसें महंगे परफ्यूम जैसी लगती हैं;
गैर-ज़रूरी* सी ज़रुरत,
जिसका असर उतरने लगा है अब
पेशानी* की सिलवटें* कम होती हैं,
ना लबों की मुस्कराहट.

आईना रोज़ पूछता है शिनाख्त* मेरी,
रोज़ मैं तुम्हारा चेहरा ओढ़ लेती हूँ.

*मुनफ़िक़त - hypocrisy
*ज़ायका - taste
*ग़ैर-ज़रूरी - unimportant
*पेशानी - forehead
*सिलवटें - wrinkles
*शिनाख्त - identity

Phone Call

रात फ़ोन नहीं कर पाने की
एक सी वजह दी दोनों ने
"देर बहुत हो गयी थी"

माँ को डर इस बात का,
सो ना गया हूँ मैं.
मुझे शर्मिंदगी का ख़ौफ़,
माँ जागती ना हो अब तक

Domestic Violence

मोहब्बत में जिस्म पर नील नहीं पड़ते,
होंठों के कोनों से खून नहीं रिसता;
ढलती शामों से वहशत* नहीं होती,
शनासा* चेहरों से खौफ नहीं आता.
ज़ख़्मी चीख़ें सिसकती नहीं हैं रात भर,
दोस्तों की आँखों से हमदर्दी नहीं झांकती;
चूड़ियाँ कब टूटती है रोज़ कलाई में
मोहब्बत में अना* यूँ रौंदी नहीं जाती.
किसी और रिश्ते का वास्ता दो,
कुछ जज़्बात ज़िंदा हो जाएँ
तुम मोहब्बत का नाम लेते हो,
तो बस नफरत जागती है.

*वहशत - fear
*शनासा - familiar
*अना - self-esteem

December

दिसंबर,
बहुत बदल गए हो तुम.

याद है मुझे ,
बचपन में शिद्दत* पसंद हुआ करते थे
सुबह अनमनी सी, आँखें भींचें धीरे धीरे आती थी
शामें लुक्का-छिप्पी खेलती, जाने कब निकल जातीं
रातें ज़िद्दी बच्चों सी, देर तक सोयी रहती थी
छोटे से आँगन में, चंद घंटों के लिए
धूप आती थी मेहमान बनकर
टूटी हुई चारपाई के एक कोने में
शरमाई सी, सिमटी रहती थी बस
आँखों पर माँ की गरम शाल खींच कर
तुम्हारी गोद में कितनी बेफिक्र नींदें ली हैं मैंने

दिसंबर
तुम बदल गए हो
बहुत मासूम चेहरा था,
जिस पर अब ज़माने की गर्द है.
दुनियादारी उतर आई है आँखों में,
पहले की तरह बारिशें नहीं होती.
ना नर्म गुलाबी शामें हैं, ना ज़िद्दी रातें,
ज़रूरत नहीं रही मिटटी के चूल्हों की;
कांच के घरों में अब,
मौसम कहाँ बदलते हैं?

सुनो,
हो सके तो
अगली बार शिद्दतें* ले कर आना
नाराज़ नाराज़ सी बारिशें ले कर आना
इस शहर में सब जल्दी में रहते हैं
तुम बचपन की फुर्सतें ले कर आना

*शिद्दत - intense/intensity