Sunday, 31 August 2014

"Sometimes words are not enough" - Lemony Snicket


बहुत चाहा कोई नज़्म तुम्हारे नाम कर दूँ,
तुम्हारे नाम के आगे लेकिन बढ़ नहीं पाया.
कभी सोचा तुम्हारे साथ अफ़क़* तक चला जाऊं,
तुम्हारे साथ से बेहतर कोई मुक़ाम* क्या होगा?
तुम्हे शिकायत रहती है, मैं बातें नहीं करता,
तुम्हारी आवाज़ में, जानां,  मेरे लफ्ज़ खो से जाते हैं.
ख्वाहिश है कि दुआओं में माँगा करूँ तुम्हे ,
मगर किससे? सजदे तो सारे तेरे नाम के पढ़े हैं

तुम्हारी इज़हार*-ए-मुहब्बत की ख़्वाहिश ने 'शाम'
मुझे बहुत उलझन में डाल रखा है

*अफक - zenith
*मुक़ाम - place
*इज़हार - declaration

Saturday, 30 August 2014

"Honor the space between 'no longer' and 'not yet'" - Nancy Lewis

यही मुनासिब* है
कि बदग़ुमानियां* क़ायम रहें

अभी मैं इतना बेहिस नहीं हुआ
कि दामन बचा कर गुज़र जाऊं तेरी गली से
अभी तू इतना संगदिल नहीं हुआ
कि मुस्कुरा कर नज़रें मिला सके मुझसे
अभी चाँद रातें अज़ाब नहीं हुईं 
अभी दिल में तेरे मुहब्बत का भरम बाक़ी है

कुछ अश्क़ बाक़ी हैं पलकों पर मेरे 
तेरी भीगी रातों का हिसाब चुकाना है अभी
मेरे नाम पर आज भी चौंक पड़ता है तू 
इस रिश्ते का कुछ बोझ उतारना बाक़ी है
अभी तन्हाई का आदी नहीं हुआ मैं
अभी वफ़ा पर एतमाद बाक़ी है 

पुरानी किताबों में सूखे फूल अब भी मिलते हैं
तूने डायरी के सारे पन्ने जलाये नहीं हैं अभी
कुछ दिन और ये दूरियां क़ायम रहें 
यही मुनासिब है कि बदग़ुमानियां क़ायम रहें
मेरे दिल से पूरी तरह उतरा नहीं है तू
तूने मुझे नज़रों से गिराया नहीं है अभी 

दोनों को जल्दी है रास्ता बदलने की
ज़रा आहिस्ता, मोड़ आया नहीं है अभी
यही मुनासिब है.

*मुनासिब - appropriate 
*बदग़ुमानियां - misunderstandings

Sunday, 17 August 2014

मैंने सोचा, तुम मसरूफ बहुत हो
तुमने समझा, मैं मग़रूर बहुत हूँ
देखो, तो एक ही घर में थे दोनों
पूछो, तो मुद्दत हो गयी मुलाक़ात हुए.

Sunday, 18 May 2014

बॉस की तल्ख़ सी बातों पर
मैं जब बेवजह मुस्कुराता हूँ
तुम याद आते हो...

शिकायत नहीं ख़ुद से
बस एक ख़्याल सा है
तुम्हारी बातों पर भी यूँ ही मुस्कुरा दिया होता
आज मुस्कुराने की एक वजह होती शायद!!!

Sunday, 4 May 2014

Friend-zoned

दोस्ती और मुहब्बत के बीच
बहुत धुंधली सी एक सरहद
मैं,
धुंध के बहाने से
जाने कब सरहद पार कर गया
तुम, मगर,
धुंध के ख़ौफ़ से
सरहद तक कभी आए ही नहीं!

Saturday, 12 April 2014

कभी यूँ भी तो हो...

कभी यूँ भी तो हो

तुम, स्टीयरिंग पर उँगलियाँ बजाते,
स्टीरियो के साथ गाते
कोई नग़मा गुनगुनाओ मेरे लिए
मैं, तुम्हारे झिड़कियों के बावजूद
शीशे गिराकर कार के
समुन्दर की सीली* हवाओं का इस्तक़बाल* करूँ

तुम, लाइटर हाथों में लिए
क़हक़हे लगाते हुए, ठिठक जाओ मुझे देख
गिरा कर धीरे से वह अधजली सिगरेट
एड़ी तले मसल दो उसे
मैं, अपने हील्स भूल कर कहीं
ठंडी सफ़ेद साहिल की रेत पर
नंगे पाँव भागूँ तुम्हारे पीछे

तुम, लैपटॉप पर थिरकती उँगलियों को रोक
मेरा आँचल थाम लो
मैं, किसी नज़्म को कागज़ पर अधूरी छोड़
उसे पूरी करूँ सीने पर तुम्हारे

कभी यूँ भी तो हो
तुम परेशान हो मुस्तक़बिल* का सोच कर
मैं माज़ी* को भुला कर मुत्मईं* हो जाऊँ

*सीली - moist /humid
*इस्तक़बाल - welcome
*मुस्तक़बिल - future 
*माज़ी - past
*मुत्मईं - satisfied

Tuesday, 8 April 2014

a new beginning

वो घर छोड़ दिया मैंने
जहाँ कभी हम साथ दाख़िल हुए थे
तुम्हारा कुछ सामान भी बाँध लायी हूँ
फुर्सत मिले तो आकर ले जाना

कुछ अधजले सिगरेट के टुकड़े
बिस्तर के कोने में ऐसे सिमटे पड़े थे
मानो जल्दी में बुझाए हों किसी ने
शायद मेरी नाराज़गी के डर से छिपाया था
या बाद के दिनों में,
नाराज़गी में फ़ेंक दिया हों दो-तीन  कश लेकर

तुम्हारे किताबों की शेल्फ़ पर एक कोने में
पीले पन्ने वाली
गुलज़ार की नज़मों का कलेक्शन पड़ा है
उसके पहले सफ़हे* पर
तुमने अपनी बेतरतीब* हैंड-राइटिंग में लिखा था
एक छोटा सा शेर मेरे लिए
ज़रा पानी छलक गया था, मेरा नाम मिट गया है अब

सिराहने वाली टेबल पर
चंद अधलिखे ख़त भी रखे थे
कुछ में मुझे मुखातिब* किया है तुमने
कुछ में रास्ता बदलने की वजह समझायी है
कहने को कितना कुछ था तुम्हारे पास
कुछ कह ही देते - गुफ्तगू* हो जाती

अलमारी के नीचे के कोने में
एक पुरानी सफ़ेद शर्ट भूल गए तुम 
मरीन ड्राइव पर जब एक नुकीले पत्थर से लगकर
मेरे बांह में हलकी सी खरोंच आ गयी थी
लाख डांटने के बावजूद
शर्ट की आस्तीन रख दी थी तुमने
खून के दो छोटे धब्बों को
कभी धोने ही नहीं दिया था

कैमेरे की एक पुरानी रील भी पड़ी है
हिम्मत नहीं हुई स्टूडियो जाने की
सोचती हूँ धूप दिखा दूं उन्हें
यादें दिल में ही अच्छी लगती हैं

बाथरूम के आईने में
बहुत टूटा बिखरा, लहू-लहू सा
अपना अक्स भी दिखा मुझे
रूह के ज़ख्म भी, जिस्म के नील भी मिले

वो घर छोड़ दिया मैंने
तुम्हारा कुछ सामान भी बाँध लायी हूँ
फुर्सत मिले तो आकर ले जाना
इन्हे संभाल कर रख सकूँ
मेरी नए घर में इतनी जगह नहीं

*सफ़हे - page
*बेतरतीब - haphazard
*मुखातिब - address
*गुफ्तगू - conversation