Monday, 17 March 2014

एक लम्हे की मुहब्बत - शायान

मैं ढीली टाई और शिकन-आलूद* शर्ट में
लोकल ट्रेन के दुसरे दर्जे में बैठा
मुम्बई की भागती-दौड़ती भीड़ से जूझता
सांसें लेने की कोशिश कर रहा था...

तुम शायद ऑफिस से निकल
मिलने जा रही थी किसी से
थके चेहरे पे खूब पानी के छीटों से
जगाना चाहा था हिसों* को अपनी
कानो में सस्ते से इअर-रिंग डाल रखे थे
शायद ट्रेन में ही लिया होगा कभी

कुछ ऐसा नहीं था
की मैं देखता मुड़ कर दुबारा
ट्रेन धक्के खाती हुई
अभी निकलने को ही थी स्टेशन से
की तुम किसी बात पर मुस्कुरायी

एक पल के लिए मदहम पड़ गयी मुम्बई की रफ़्तार भी
दूसरे लम्हे, स्टेशन वो छूट गया पीछे कहीं

एक लम्हे की मुहब्बत थी वो
लम्हे भर में गुज़र गयी
हाँ, लजज़त उसकी रहेगी कुछ दिनों तक होंटों पर
कुछ दिनों तक मुस्कुराऊंगा मैं...


*शिकन-आलूद - wrinkled, crumpled
*हिस - senses

भूख

तुम्हे याद तो होगा
बड़े गुरूर से एक दावा किया था कई बार
मुहब्बत को कभी क़ुर्बान कर भी दूं लेकिन
अना तो फिर भी अज़ीज़ है...
तुम अजीब सी नज़रों से देखती मुझे
गिला नहीं, गुस्सा भी नहीं
शक हुआ था एक बार
तरस के कुछ साये थे तुम्हारी नज़रों में
या तंज़ था शायद.
पहला हिस्सा अना का अपनी
जला दिया था फेरों की अग्नि में तुम्हारे
छोटे से एक ब्रीफ़केस में तमाम यादें लिए
स्टेशन पे कर रही थी इंतज़ार मेरा
और पहुँच कर मैंने, बस यूँ कहा
"चलो घर छोड़ आऊँ तुम्हे,
सब परेशां हो रहे होंगे"
तंज़ था शायद आँखों में तुम्हारे
या बे-यकीनी...
एक दुसरे वक़्त,
ख्वाबों के पीछे दौड़ने की
क़ीमत चुकाई थी नक़द में
बाबा के दिए हुए सोने की बालियां देते वक़्त
माँ  की आँखों में बे-यकीनी थी
या दर्द...
अब याद पड़ता है
कुछ पैसे ज़यादा मिले थे उस दिन
सोनार के तराज़ू पे
एक हिस्सा अना का भी चढ़ा आया था शायद
आईने में अपने अक्स को देखा जो आज
आँखों से दर्द छलक रहा था शायद
या भूख...
थोड़ी खुददारी बची है किसी कोने में अब भी
उसे गिरवी रख दूं कहीं
एक वक़्त का खाना हो जाए

Sunday, 16 February 2014

कभी ख़ुद को देखूं तेरी नज़र से मैं


कभी ख़ुद को देखूं तेरी नज़र से मैं

देखूं
क्या है जो तुझे नागवार है इतना
सीने में मेरे लिए ग़ुबार है कितना
सारे शिकवे गिले सुनूं, तेरी नफरत की इन्तहा देखूं
माज़ी की गली जाऊं, रंजिशों की इब्तदा देखूं  
कभी ख़ुद को देखूं तेरी नज़र से मैं

देखूं
मेरी हस्ती क्यों नापसंद है तुझे
मैं इतना तो बुरा नहीं, ये कैसा रंज है तुझे
तेरी नाराज़गी का सबब जानूँ, कुछ उलझनें उधार रख लूँ मैं
जो नज़र-अंदाज़  किए थे कभी, उन अश्क़ों को चख लूँ मैं 
कभी ख़ुद को देखूं तेरी नज़र से मैं

देखूं
कैसे एक ग़लती माफ़ी के परे हो गई
जो मैं था तेरे लिए, वो कैसे दूसरे हो गए
तेरे ख्वाबों की करची चुनू, कुछ पुराने ज़ख्म खुरच दूँ मैं
वफ़ा के तेरे मयार पर, ख़ुद अपनी मुहब्बत परख लूँ मैं
कभी ख़ुद को देखूं तेरी नज़र से मैं

अपने गुनाहों के हिसाब लूँ ख़ुद से
तेरे सवालों के जवाब लूँ ख़ुद से
कि थक गया हूँ ख़ुद तक के सफर से मैं
कभी ख़ुद को देखूं तेरी नज़र से मैं 

Sunday, 12 January 2014

Nirbhaya: The girl in every girl

अश्क़ नहीं, अब लहू बहाओ

अहसास तो हो कि जूनून थका नहीं है अभी
रागों में दौड़ता खून जमा नहीं है अभी
अहसास तो हो कि बेहिस हुए नहीं हैं हम
दर्द हो, कि अभी भरे नहीं हैं ज़ख्म
अहसास हो कि आँखों में शर्म बची है थोड़ी सी
ज़मीर सांसें ले रहा है, उखड़ी ही सही

सिसकियाँ नहीं, अब आवाज़ उठाओ
कि ये बस एक की मौत नहीं, क़त्ल है इंसानियत का
एक मुल्क पर सवाल हैं, दामन चाक है हर औरत का
क़ुर्बानियाँ ज़ाया न हो, चिंगारियां दब न जाएं
हर क़ातिल ने पहन रखा है, चेहरा यहाँ शराफत का

ये जो ग़म-ओ-रंज की तस्वीर है, इसे मिटा दो
वो जो सब्र का अहद था, वो सारे वादे भुला दो
अश्क़-ओ-ग़म या सब्र से क्या हुआ हासिल तुम्हे
जिन्हे दबा रखा है अर्सों से, उन शोलों को तुम दबा दो
तू ग़मग़ीन नहीं, लाचार नहीं, मायूस नहीं, मजबूर नहीं
तू निर्भया है, तू अमर है, तेरा अज़्म अभी कमज़ोर नहीं.

The Unposted Letter

तुम आज भी मुझसे मुहब्बत करते हो?
जैसे आज से चंद बरस पहले करते थे
क्या आज भी मुहब्बत इबादत है तुम्हारी?
आज भी पेशानी पे आये बालों को फूँकों से उड़ाते हो?
गालों में आज भी गड्ढे पड़ते हैं, जब तुम मुस्कुराते हो?

तुम्हारी आँखों की चमक बरक़रार है आज भी?
अपनी वजाहत का तुम्हे इक़रार है आज भी?
अब भी साहिल के पत्थरों पर जाते हो तुम?
नज़्मों को पढ़कर अब भी भड़क जाते हो तुम?

गुलाबी रंग आज भी पसंद है तुम्हे?
उस बरसों पुरानी नीली शर्ट को सहेज रखा होगा तुमने
बारिशों से आज भी उलझन होती है न?
सफ़ेद रंग पसंद नहीं था बिलकुल
पर मेरी खातिर अब भी शायद कभी पहन लेते होगे?

काली फीकी रातों से इश्क़ था तुम्हे
अब भी सीढ़ियों पर बैठ, बेतुकी बातें करते हो तारों से?
कभी जो ग़लती से मेरी याद आ जाती है
तो क्या अब भी आँखें भींच लेते हो गुनहगारों से?

"Some promises aren't worth keeping" - Holly Black

याद है?
अक्सर कहा करते थे तुम
"मुझे आवाज़ देना
कहीं भी हूँ, लौट आऊंगा.
कि तुम बिन सफर तो है, मंज़िल नहीं
हर रिश्ता बेमानी है, तुम अगर हासिल नहीं
जानता हूँ वफ़ा की राह मुश्किल है ज़रा
पर वादा करके पलट जाऊं, मैं इतना तो बुज़दिल नहीं"


कितनी सदाएं दी, कितनी बार पुकारा
तुम नहीं आए
मेरी आवाज़ पहुंची नहीं तुम तक
दूरियां बहुत थी न दिलों के दरमियान
या शायद रिश्तों का, रस्मों का, मुहब्बत का
शोर होगा तुम्हारे अतराफ़* में बेपनाह

आज आख़िरी बार आवाज़ दी है
लौट आओ
इस गली से गुज़र जाओ एक बार
ग़लती से ही, मेरे दर पर ठिठक जाओ एक बार
जानती हूँ वफ़ा की राह मुश्किल थी बहुत
बस वादों का भरम रखने, पलट आओ एक बार

*अतराफ़ - surroundings/around

The Peril of Memories

एक पीले कोने वाला ख़त
कुछ गुलज़ार की तहरीरें
गुलाबी शामों को धुंधलाती हुई
चंद स्याह-व-सफ़ेद तसवीरें

अक्सर बिला वजह रुला जाती हैं
तेरी यादें तुझ सा असर रखती हैं